पाली : स्काउट–गाइड शिविर में प्रभारी मंत्री का संबोधन, 130 छात्रों को गणवेश वितरित — राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों का सम्मान

पाली : जिला प्रशिक्षण केंद्र बजरंग बाड़ी, पाली में राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड जिला मुख्यालय के तत्वावधान में आयोजित राज्य पुरस्कार स्काउट–गाइड जाँच शिविर, निपुण रोवर–रेंजर प्रशिक्षण शिविर एवं अनुसूचित जाति–जनजाति स्काउट–गाइड प्रशिक्षण शिविर में तीसरे दिन एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ। 10 से 14 दिसंबर तक चल रहे इस शिविर में सोमवार को प्रभारी मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए शिविर में शामिल 130 स्काउट–गाइड को गणवेश वितरित किए।

सी.ओ. स्काउट गोविंद मीणा ने बताया कि मंत्री खर्रा ने युवाओं को सड़क सुरक्षा जागरूकता के प्रसार तथा ट्रैफिक नियमों का पालन सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने राष्ट्रपति अवार्ड प्राप्त रोवर विशाल का सम्मान किया। साथ ही 19वीं राष्ट्रीय स्काउट जंबूरी में राजस्थान का प्रतिनिधित्व कर राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने वाले चंद्राज पब्लिक स्कूल, सोजत रोड के स्काउट बैंड की उत्कृष्ट प्रस्तुति पर प्रधानाचार्य आलोक शर्मा को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य हितेश रामावत ने किया। शिविर में पुरुषोत्तम पुरी गोस्वामी, मोहन सिंह, दौलत सिंह, जयपाल सिंह, उर्मिला यति, रमेश सोलंकी, कैलाश कुमार और ए. भगवान सिंह सहित कई अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा सेवाएं दी जा रही हैं।

इस मौके पर जिला अध्यक्ष स्काउट–गाइड महेंद्र बोहरा, जिला कलेक्टर लक्ष्मी नारायण मंत्री, पुलिस अधीक्षक आदर्श संधू, एडीएम डॉ. बजरंग सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विपिन शर्मा, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज, समाजसेवी तिलोक चौधरी, सी.ओ. गाइड डिंपल दवे, आरटीओ ओ.पी. बैरवा, जिला परिवहन अधिकारी विजय सिंह मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




