कायलाना झील में युवक-युवती की दर्दनाक मौत, सुबह रेस्क्यू में मिले दोनों के शव

जोधपुर : कायलाना झील क्षेत्र में युवक और युवती के डूबने की आशंका के बाद चलाया गया रेस्क्यू अभियान बुधवार सुबह सफल रहा। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने झील से दोनों के शव बाहर निकाल लिए, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम झील के पास एक एक्टिवा और एक बैग लावारिस हालत में मिले थे, जिससे किसी अनहोनी की आशंका जताई गई। सूचना मिलने पर कायलाना झील पुलिस चौकी के कांस्टेबल दिनेश सोडा और गोताखोर भरत चौधरी ने देर शाम तक तलाश की, लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।

बुधवार सुबह पुनः सर्च अभियान शुरू किया गया। झील के किनारे तलाश के दौरान एक जैकेट और मोबाइल फोन मिलने से शक और गहरा गया। मोबाइल मिलने की सूचना मिलते ही कांस्टेबल दिनेश सोडा ने गोताखोरों को अवगत कराया, जिसके बाद गोताखोर दाऊलाल मालवीय के नेतृत्व में विशेष रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची।
रेस्क्यू टीम में भरत चौधरी, इंदर मीणा, जितेंद्र, भरत मालवीय, अचलाराम, किशन, दिनेश सोडा एवं नाविक वेलाराम शामिल रहे। टीम ने सुबह झील में सघन तलाशी अभियान चलाया और करीब आधे घंटे बाद एक-एक कर दोनों शव झील से बाहर निकाले।

फिलहाल दोनों शवों की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमडीएम अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवक-युवती के झील में डूबने के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।



