नशे में धुत ट्रेलर चालक का आतंक, बारहवीं रोड पर मचाई दहशत, कई दुपहिया वाहन क्षतिग्रस्त

जोधपुर : शहर के अति व्यस्त बारहवीं रोड चौराहे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब शराब के नशे में धुत एक ट्रेलर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क पर चल रहे दुपहिया वाहनों को चपेट में ले लिया। घटना में कई बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि ट्रेलर चालक तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाता रहा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेलर चालक को हिरासत में ले लिया। सहायक पुलिस उप निरीक्षक रमेश मीणा ने बताया कि चालक शराब के नशे में था। प्रारंभिक जांच में नशे की पुष्टि हुई है, जिसके बाद चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों का मौका मुआयना किया तथा यातायात को सुचारु किया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।



