मां की छलांग से मचा हड़कंप, रायपुर थाना क्षेत्र में महिला ने पांच बच्चों संग कुएं में कूदकर जान देने की कोशिश, दो मासूमों की मौत

रायपुर : रायपुर थाना क्षेत्र के झूठा गांव के पास एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां एक महिला ने अपने पांच बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी। इस दर्दनाक हादसे में एक बच्चे और एक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला समेत तीन बच्चों को गंभीर हालत में बचा लिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता से महिला व तीन बच्चों को कुएं से बाहर निकालकर रायपुर चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं, मृत दोनों मासूमों के शवों को रायपुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और भारी भीड़ जमा हो गई। हर कोई इस कदम के पीछे की वजह जानने को लेकर स्तब्ध नजर आया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला ने इतना बड़ा कदम किस कारण उठाया।



