ग्रामीण समस्या समाधान शिविर बना सहारा, विधवा महिला को मिला विरासत नामांतरण का तत्काल लाभ

पाली : राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ग्रामीण समस्या समाधान शिविर आमजन के लिए राहत का माध्यम बनता जा रहा है। शुक्रवार को पाली पंचायत समिति की ग्राम पंचायत गुडा एंदला में आयोजित शिविर में राजस्व विभाग से जुड़ी समस्याओं का मौके पर ही प्रभावी समाधान किया गया।
भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्त गुदाएंदला के अंतर्गत आने वाले सभी पटवार हल्कों के गांवों से पहुंचे ग्रामीणों की राजस्व रिकॉर्ड दुरुस्ती से संबंधित समस्याओं का निस्तारण शिविर में ही किया गया। इसी क्रम में ग्राम सापूनी निवासी विधवा श्रीमती वसन्ति बेन, जाति मेघवाल, को वर्षों से लंबित विरासत नामांतरण की समस्या से राहत मिली।
श्रीमती वसन्ति बेन के पति स्वर्गीय प्रताप पुत्र नेमाराम का निधन 19 सितम्बर 2022 को हो गया था। पति के देहांत के बाद छह पुत्रियों और एक पुत्र के पालन-पोषण की जिम्मेदारी के चलते मजदूरी के लिए बाहर जाने के कारण विरासत का नामांतरण दर्ज नहीं हो सका था। इससे वह और उनका परिवार सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभ से वंचित रह गए थे।
ग्रामीण समस्या समाधान शिविर की जानकारी मिलने पर जब विधवा महिला ने आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए, तो पटवारी सोडावास एवं भू-अभिलेख निरीक्षक गुदाएंदला द्वारा मौके पर ही विरासत नामांतरण की प्रक्रिया पूरी करवाई गई। फैसल करवाकर जमाबंदी एवं नामांतरण की प्रतिलिपि तुरंत प्रदान की गई।
नामांतरण पूर्ण होने से विधवा महिला और उसका परिवार बेहद खुश नजर आया। परिवारजनों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, शिविर के नोडल अधिकारी, उपखंड अधिकारी पाली, तहसीलदार पाली एवं समस्त राजस्व स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर जरूरतमंदों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं।



