नगर निगम की त्वरित कार्रवाई से शिव कॉलोनी–गवारिया बस्ती मार्ग हुआ साफ, नागरिकों ने कमिश्नर नवीन भारद्वाज का जताया आभार

पाली : शिव कॉलोनी, गवारिया बस्ती, अम्बे नगर एवं भाट बस्ती के नागरिकों को उस समय बड़ी राहत मिली, जब मुख्य मार्ग पर वर्षों से फैली बबूल की झाड़ियों को हटाकर सड़क को साफ व चौड़ा किया गया। इस त्वरित कार्रवाई पर स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज का आभार व्यक्त किया।
कर्मयोगी संगठन के संस्थापक अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह मण्डली के नेतृत्व में बड़ी संख्या में नागरिक नगर निगम कार्यालय पहुंचे, जहां आयुक्त का माला पहनाकर स्वागत किया गया और “कमिश्नर साहब जिंदाबाद” के नारे लगाए गए।
कर्मयोगी संगठन के जिला प्रवक्ता प्रबल सिंह मण्डली ने बताया कि शिव कॉलोनी व गवारिया बस्ती को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर बबूल की झाड़ियां अत्यधिक फैल जाने से सड़क संकरी हो गई थी, जिससे आवागमन में भारी परेशानी हो रही थी। इस समस्या को लेकर संगठन द्वारा नगर निगम आयुक्त को लिखित शिकायत दी गई थी।

शिकायत पर तुरंत संज्ञान लेते हुए आयुक्त नवीन भारद्वाज ने तत्काल जेसीबी भेजकर झाड़ियों को हटवाने के निर्देश दिए, जिससे सड़क को साफ और चौड़ा किया गया। इससे क्षेत्र के नागरिकों को सुगम व सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिली और लोगों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर नागरिकों ने एक मांग-पत्र भी सौंपा, जिसमें बताया गया कि संबंधित मुख्य सड़क अत्यधिक क्षतिग्रस्त है और आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। इस पर आयुक्त ने मौके पर ही नगर निगम के एक्सईएन को निर्देश देते हुए सड़क पर मिट्टी व झिकरा डलवाकर उसे चलने योग्य बनाने के आदेश दिए, ताकि आमजन को और अधिक राहत मिल सके।

इस अवसर पर अचलाराम लोहार, राधेश्याम भाटी, नरेश शर्मा, किशनलाल सैन, किशोरदास वैष्णव, मदन सिंह बालेचा, श्रवणदास वैष्णव, प्रेमकुमार प्रजापत, भागीरथ साहू, पप्पूलाल, ओमप्रकाश दूदवड़, सोहनलाल, अमृतलाल प्रजापत, रमेश कुमार पिपलिया, रतनदास वैष्णव, राकेश कुमार सहित वार्ड नंबर 1 के दर्जनों नागरिक एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



