नगरपालिका परिसर में संयुक्त ग्रामीण-शहरी समस्या समाधान शिविर आयोजित

पाली : राज्य सरकार के निर्देशानुसार सोमवार को नगरपालिका परिसर में ग्रामीण एवं शहरी समस्या समाधान शिविर का संयुक्त रूप से आयोजन किया गया। शिविर में आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से विभिन्न विभागों की सहभागिता रही।
शिविर में नगरपालिका, विद्युत विभाग, पंचायती राज विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, पीएचईडी, चिकित्सा एवं आयुर्वेदिक विभाग, राजस्व विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर के दौरान नगरपालिका की ओर से कृषि भूमि के 35 पट्टे, धारा 69-क के अंतर्गत 4 पट्टे जारी किए गए। साथ ही 10 जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र एवं एक विवाह प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना 2.0 के तहत दो लाभार्थियों को 25-25 हजार रुपये की ऋण स्वीकृति दी गई। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत एक लाभार्थी की दो पुत्रियों के विवाह उपरांत 41 हजार एवं 31 हजार रुपये, कुल 72 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं राजस्व विभाग द्वारा दो नामांतरण प्रकरणों का निस्तारण करते हुए 20 जाति प्रमाण पत्र जारी किए गए।
शिविर में पालिका अध्यक्ष ललिता शाह, उपाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, अधिशासी अधिकारी विनयपाल, सहायक अभियंता शैलेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि देवेन्द्र सिद्वावत, ललित कुमार व अन्य उपस्थित रहे। सभी ने शिविर की व्यवस्थाओं में सहयोग करते हुए आमजन को योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाई।



