रेडक्रॉस सोसाइटी पाली की मानवीय पहल, स्कूली व आंगनबाड़ी बच्चों को वितरित की शीतकालीन राहत सामग्री

पाली : भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, पाली शाखा द्वारा समाज सेवा के विभिन्न आयामों के अंतर्गत लगातार जरूरतमंदों की सहायता की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को चीमा बाई संचेती उच्च माध्यमिक विद्यालय, मील एरिया पाली एवं इसी परिसर में संचालित आंगनबाड़ी विद्यालय के बच्चों को शीतकालीन राहत सामग्री एवं शिक्षण उपयोगी सामग्री का वितरण किया गया।

इस सेवा कार्यक्रम के तहत बच्चों को गरम स्वेटर, पानी की बोतलें, कॉपियां, बिस्कुट, स्कूल बैग, पेन, जूते एवं मौजे प्रदान किए गए। सामग्री का वितरण पूर्व पार्षद त्रिलोक चौधरी एवं गणपत मेघवाल के कर कमलों द्वारा किया गया, जिससे बच्चों के चेहरों पर खुशी नजर आई।
कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसाइटी पाली के सचिव जिनेंद्र जैन, उपसभापति अब्दुल शकूर सिलावट, सहसचिव अनिल गुप्ता, अनिल फोफलिया, कार्यालय प्रभारी दिनेश पंवार एवं एम्बुलेंस चालक पंकज सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों द्वारा सभी अतिथियों का माला पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य गीता गुप्ता ने रेडक्रॉस सोसाइटी एवं उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी मानवीय पहल बच्चों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने आशा जताई कि आगे भी रेडक्रॉस सोसाइटी से विद्यालय को इसी प्रकार सहयोग मिलता रहेगा। रेडक्रॉस की इस पहल ने शिक्षा के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं को भी सशक्त किया है।




