google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
जैसलमेरदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

जैसलमेर में ACB जोधपुर की बड़ी कार्रवाई, RIICO सेक्शन ऑफिसर 30 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

जैसलमेर : भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी जोधपुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जैसलमेर RIICO कार्यालय के अनुभाग अधिकारी (सेक्शन ऑफिसर) भवानी शंकर स्वामी को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी द्वारा जायज काम के बदले लगातार रिश्वत की मांग किए जाने से परेशान होकर परिवादी ने एसीबी जोधपुर से शिकायत की थी, जिस पर सत्यापन के बाद यह कार्रवाई अंजाम दी गई।

एसीबी मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार परिवादी की भाभी के नाम किशनघाट औद्योगिक क्षेत्र में एक औद्योगिक प्लॉट आवंटित था, जिसे RIICO द्वारा वर्ष 2024 में निरस्त कर दिया गया था। बाद में अपील के पश्चात प्लॉट को पुनः बहाल कर दिया गया, लेकिन आरोपी अनुभाग अधिकारी भवानी शंकर स्वामी द्वारा फाइल से संबंधित दस्तावेज ऑनलाइन करने और मौके पर काम शुरू करने की अनुमति देने के एवज में 30 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी।

आरोपी द्वारा बार-बार कार्य में अड़चन डाले जाने से परेशान होकर परिवादी ने एसीबी जोधपुर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का सत्यापन होने पर एसीबी जोधपुर के उप महानिरीक्षक भुवन भूषण यादव के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया।
एएसपी ओमप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में उप अधीक्षक किशन सिंह चारण एवं टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया।

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है तथा आगे की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विभाग में इस तरह की घूसखोरी गंभीर चिंता का विषय है, जिससे विभाग की छवि धूमिल होती है।

एडीजी स्मिता श्रीवास्तव ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी जायज कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो वे टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 या व्हाट्सएप नंबर पर निर्भय होकर शिकायत दर्ज कराएं। एसीबी द्वारा ऐसे मामलों में त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से साफ है कि राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की जीरो टॉलरेंस नीति लगातार प्रभावी रूप से लागू की जा रही है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button