राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस पर पाली में जिला स्तरीय कार्यक्रम, डिजिटल जस्टिस से त्वरित न्याय पर जोर

पाली : राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस के अवसर पर जिला रसद विभाग द्वारा पेंशनर समाज भवन में जिला स्तरीय उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम एवं उपभोक्ता संरक्षण परिषद की बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उपभोक्ता प्रतितोष आयोग के अध्यक्ष अजय कुमार बंसल ने की। इस अवसर पर कार्यक्रम की थीम “Efficient and Speedy Disposal through Digital Justice” रखी गई, जिसके उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
जिला रसद अधिकारी मनजीत सिंह ने बैठक का शुभारंभ करते हुए उपभोक्ता संरक्षण की आवश्यकता एवं डिजिटल माध्यमों से न्याय प्रक्रिया को सरल व त्वरित बनाने की महत्ता बताई। अध्यक्ष अजय कुमार बंसल ने जिला उपभोक्ता आयोग की कार्यप्रणाली, परिवाद निस्तारण की प्रक्रिया तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग से न्याय की गति बढ़ाने पर महत्वपूर्ण जानकारी दी।

कार्यक्रम में अधिवक्ता गजेंद्र सिंह राजपुरोहित ने राष्ट्रीय उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि यह अधिनियम सभी वस्तुओं एवं सेवाओं पर लागू होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निजी उपयोग के लिए वस्तु या सेवा खरीदने वाला व्यक्ति उपभोक्ता कहलाता है, जबकि व्यापारिक उद्देश्य से खरीदी गई वस्तुएं इस श्रेणी में नहीं आतीं। उन्होंने उपभोक्ताओं को प्राप्त छह प्रमुख अधिकारों—संरक्षण का अधिकार, सूचना का अधिकार, विकल्प का अधिकार, सुने जाने का अधिकार, प्रतितोष का अधिकार तथा जागरूकता का अधिकार—के बारे में भी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के तहत मध्यस्थता के माध्यम से भी मामलों का निस्तारण संभव है, पांच लाख रुपये तक के परिवाद पर न्यायालय शुल्क नहीं लिया जाता तथा रिव्यू का भी प्रावधान है। साथ ही केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में डॉ. के.एम. शर्मा, अध्यक्ष जन चेतना एनजीओ ने “जागो ग्राहक जागो” अभियान पर अपने विचार रखे। वहीं न्याय मित्र मांगीलाल तंवर ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की “न्याय आपके द्वार” योजना की जानकारी दी। इस दौरान नूतन पहल महिला सचिव पुष्पा परिहार, अधिवक्ता गोविंद सिंह राजपुरोहित एवं नरेन्द्र कुमार माछर ने भी उपभोक्ताओं को जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला स्तरीय अधिकारी, विभिन्न एनजीओ प्रतिनिधि, पेंशनर समाज, व्यापार मंडल एवं बार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। समापन पर प्रवर्तन अधिकारी कमल कुमार पंवार ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जिला रसद कार्यालय पाली के कमल कुमार पंवार, जितेन्द्र सिंह आशिया, संगीता शर्मा, कृष्ण कुमार मीणा, हेमंत सेन, धर्मपाल सिंह, जसपाल सिंह, विवेक सिंह, सहित अनेक कार्मिकों एवं समाजसेवियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। अंत में विश्व उपभोक्ता दिवस का सफलतापूर्वक समापन किया गया।




