मानवता की मिसाल बांगड़ अस्पताल में युवक ने समय पर रक्तदान कर बचाई मरीज की जान

पाली : अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के कार्यकारिणी सदस्य रोशन नाहर ने बताया कि सेवा के लिए मंच नहीं बल्कि संवेदनशील मन की आवश्यकता होती है। इसी भावना को साकार करते हुए बुधवार सुबह पाली के बांगड़ अस्पताल में मानवता की एक प्रेरणादायक मिसाल देखने को मिली।
उन्होंने बताया कि सुबह करीब 7 बजे अमरी देवी, जो गंभीर बीमारी के चलते ऑपरेशन के लिए भर्ती थीं, के पुत्र का फोन आया। ऑपरेशन के दौरान उन्हें A पॉजिटिव रक्त की तत्काल आवश्यकता थी, लेकिन बांगड़ ब्लड बैंक में यह ब्लड ग्रुप उपलब्ध नहीं था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रोशन नाहर ने तुरंत रक्तदाता तलाश शुरू की।
जानकारी मिलते ही दिव्यांश चोपड़ा पुत्र रमेश कुमार चोपड़ा, जिनका ब्लड ग्रुप भी A पॉजिटिव है, से संपर्क किया गया। परिस्थितियों से अवगत कराते ही दिव्यांश चोपड़ा बिना किसी देरी के बांगड़ अस्पताल ब्लड बैंक पहुंचे और स्वेच्छा से रक्तदान कर मरीज की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।
इस दौरान ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. मांगीलाल चौधरी, ऑन ड्यूटी डॉ. प्रमिला चौधरी, नर्सिंग ऑफिसर सुगनाराम गौर एवं पुराण सिंह मौजूद रहे। अस्पताल प्रशासन एवं परिजनों ने रक्तदाता दिव्यांश चोपड़ा और सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। इस मानवीय कार्य ने यह साबित कर दिया कि सही समय पर की गई छोटी-सी मदद भी किसी के जीवन के लिए वरदान बन सकती है।



