गुरलाई स्कूल में बालिकाओं को मिला अधिकारों का ज्ञान, महिला सुरक्षा व सरकारी योजनाओं पर हुआ जागरूकता कार्यक्रम

पाली : महिला सशक्तिकरण एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर महिला अधिकारिता विभाग द्वारा गुरलाई स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की केंद्र प्रबंधक श्रीमती प्रियंका व्यास तथा सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रबंधक देवी बामणिया के नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को महिला अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। इनमें मुख्यमंत्री नारी शक्ति प्रशिक्षण एवं कौशल संवर्धन योजना के अंतर्गत निःशुल्क RS-CIT, RS-CFA, RS-CSEP, कालीबाई भील महिला संबल शिक्षा सेतु योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना, सामूहिक विवाह एवं अनुदान योजना सहित अन्य योजनाएं शामिल रहीं।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पाली के अधिकार मित्र मांगीलाल तंवर ने बालिकाओं को कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम-2013, पोक्सो अधिनियम-2012, बाल विवाह निषेध अधिनियम, बालिकाओं की सुरक्षा, साइबर अपराध, तथा गुड टच-बैड टच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी। उन्होंने 1930 साइबर हेल्पलाइन एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के उपयोग के बारे में भी अवगत कराया।

बालिकाओं को पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र, वन स्टॉप सेंटर तथा महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र पर उपलब्ध सहायता एवं सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही माहवारी स्वच्छता प्रबंधन पर भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम के अंत में 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता अभियान के तहत सभी छात्राओं को शपथ दिलाई गई। इस जागरूकता कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ सहित लगभग 80 बालक-बालिकाएं उपस्थित रहे।



