पाली में वीर बाल दिवस श्रद्धा के साथ मनाया गया, चार साहिबज़ादों के बलिदान को खालसा सेवा संस्थान ने किया नमन

पाली : चार साहिबज़ादों के शहीदी पर्व के अवसर पर खालसा सेवा संस्थान की ओर से शुक्रवार को शहर में वीर बाल दिवस श्रद्धा, भक्ति और सम्मान के साथ मनाया गया। संस्थान के भूपेन्द्र सिंह खेड़ा ने बताया कि कार्यक्रमों की श्रृंखला का शुभारंभ प्रातः सुबह 5 बजे सिंधी कॉलोनी गुरुद्वारा से प्रभात फेरी निकालकर किया गया। प्रभात फेरी शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः सिंधी कॉलोनी गुरुद्वारा पहुंची, जहां ज्ञानी अमृतपाल सिंह एवं पूजा कौर द्वारा गुरु पुत्रों के अमर बलिदान पर भावपूर्ण शब्द गायन प्रस्तुत किया गया।
इसके पश्चात प्रातः 10.30 बजे वंदे मातरम् स्कूल में वीर बाल दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत, पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा, जिला अध्यक्ष सुनील भंडारी एवं वंदे मातरम् स्कूल के संचालक राजेंद्र सिंह ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के वीर पुत्रों अजीत सिंह, जुझार सिंह, जोरावर सिंह एवं फतेह सिंह के अद्वितीय साहस और बलिदान को नमन करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
शाम को सूरजपोल पर खालसा सेवा संस्थान के तत्वावधान में शहीदी को नमन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान शब्द गायन किया गया, अरदास के साथ मोमबत्तियां जलाकर चार साहिबज़ादों के बलिदान को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में दर्शन तलवार, सचिव संतोष सिंह बाजवा, कुलदीप सिंह, राजेश पंजाबी, मिलाप सिंह, निर्लोक सिंह, सुरेंद्र सिंह, बलबीर सिंह, राजन बहल, गिरधारी सिंह, पर्वत सिंह, सतनाम सिंह, दामोदर शर्मा, रंजीत सिंह, पिंटू आहूजा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं शहरवासी उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन के माध्यम से वीर बालकों के बलिदान को स्मरण कर समाज में त्याग, साहस और धर्म रक्षा का संदेश दिया गया।



