सुमेरपुर में विकास रथ की चौतरफा गूंज, चार ग्राम पंचायतों में पहुँचा ‘सेवा-सुशासन-जनकल्याण’ का संदेश

पाली : राज्य सरकार के सफलतम दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा, सुशासन और जनकल्याण’ के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र में संचालित विकास रथ यात्रा ने शुक्रवार को एक साथ चार ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर पहुंचकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया।
पाली जिले की सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत खैरवा, लाम्बीया, बणियावास एवं बोमादड़ा में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान विकास रथ पर लगी विशाल एलईडी स्क्रीन के माध्यम से ग्रामीणों ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के संवेदनशील मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के ओजस्वी संदेशों और वक्तव्यों को सुना। प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ के विजन और मुख्यमंत्री के ‘विकसित राजस्थान’ के संकल्प को ग्रामीणों ने पूरे उत्साह और तन्मयता के साथ आत्मसात किया। संदेश में स्पष्ट किया गया कि सरकार की योजनाएं किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं, बल्कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना पर आधारित हैं।

योजनाओं का सजीव प्रदर्शन, सुशासन का प्रत्यक्ष अनुभव
एलईडी स्क्रीन पर प्रदर्शित लघु फिल्मों के माध्यम से जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, स्वास्थ्य बीमा योजना सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने देखा कि किस प्रकार तकनीक और पारदर्शिता के माध्यम से बिचौलियों को हटाकर योजनाओं का सीधा लाभ आमजन तक पहुँचाया जा रहा है। बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं ने इसे सुशासन का जीवंत उदाहरण बताया।

कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने किया जनसंवाद
कार्यक्रमों में स्थानीय विधायक एवं पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने सहभागिता कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के संदेश को केवल सुनें ही नहीं, बल्कि सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर अपने जीवन स्तर को बेहतर बनाएं। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने ग्रामीणों की जिज्ञासाओं का समाधान किया और पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी समझाई।

आत्मीय स्वागत और जनभागीदारी
विकास रथ के खैरवा, लाम्बीया, बणियावास एवं बोमादड़ा पहुंचने पर ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इस अवसर पर पुखराज पटेल, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि भंवर सिरवी, निजि सहायक डी.आर. चौधरी, मनोहर सिंह सिरवी, पूनम सिंह परमार, शंकर सिंह राजपुरोहित, मुकेश मोदी, पूर्व उप जिला प्रमुख नवल किशोर रावल, लाम्बीया सरपंच मदन मेघवाल, पंचायत समिति सदस्य ओमकार, रथ प्रभारी मेघाराम सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विकास रथ यात्रा का उद्देश्य गांव-गांव तक सरकार की योजनाओं को पहुँचाकर अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को लाभान्वित करना तथा सुशासन के प्रति विश्वास को और मजबूत करना रहा।



