कलेक्टर एलएन मंत्री ने साप्ताहिक समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश, गणतंत्र दिवस तैयारियों व विकास कार्यों पर जोर

पाली : जिला कलक्टर एलएन मंत्री की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कलक्टर ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों से विभागवार प्रगति की विस्तृत जानकारी लेते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों, एसडीआरएफ के कार्यों एवं अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा की।
जिला कलक्टर ने पंच गौरव योजना के अंतर्गत स्वीकृत बजट से किए जा रहे कार्यों, व्यय, मशीनरी खरीद एवं राजीविका योजना के तहत महिलाओं को दिए जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने संपर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्ता पूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मंच, परेड, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सार्वजनिक निर्माण विभाग से प्रगतिरत सड़कों, अटल प्रगति पथ एवं पूर्ण कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
जवाई जल मिशन की प्रगति की समीक्षा के दौरान जिला कलक्टर ने लंबित नल कनेक्शन एवं विद्युत कनेक्शनों को शीघ्र पूर्ण करने तथा बकाया कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को क्षेत्रीय निरीक्षण कर उसकी रिपोर्ट एसएसओ आईडी के माध्यम से अपलोड करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में समसा, पर्यटन, खेल एवं वन विभाग के लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यादेश शीघ्र जारी करने को कहा गया।
नगर निगम, यूआईटी एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग को सड़कों, पुलियों एवं नालों के कार्यों हेतु मांग पत्र व तखमीना संबंधित विभागों को भेजने के निर्देश दिए गए।
चिकित्सा विभाग से मौसमी बीमारियों की स्थिति, उपलब्ध दवाइयों एवं पूर्ण कार्यों के उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी को बकाया पट्टों का शीघ्र वितरण पूर्ण करने तथा वेस्ट प्लास्टिक निस्तारण को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
नगर निगम आयुक्त से प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत किश्त भुगतान, मालिकाना हक एवं प्रगति की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही गोपाल क्रेडिट कार्ड, रेन बसेरों एवं सड़क सुरक्षा कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. बजरंग सिंह, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सीलिंग) ओम प्रभा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी महेंद्र मेहता, उपखंड अधिकारी विमलेंद्र राणावत, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज, पुलिस विभाग से सुधड़ सिंह, पीडब्ल्यूडी से दिलीप परिहार, बिजली विभाग से मनीष माथुर, रसद अधिकारी सहित सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



