google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को लेकर बड़ी बैठक, रोल पर्यवेक्षक डॉ. प्रतिभा सिंह ने दिए सख्त निर्देश

पाली : भारत निर्वाचन आयोग एवं निर्वाचन विभाग के निर्देशों की पालना में अर्हता दिनांक 1 जनवरी 2026 के संदर्भ में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 को लेकर मंगलवार को जिला कलक्टर सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रोल पर्यवेक्षक एवं संभागीय आयुक्त जोधपुर डॉ. प्रतिभा सिंह ने की। इसमें मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्ष, महामंत्री एवं अधिकृत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान रोल पर्यवेक्षक डॉ. प्रतिभा सिंह ने पाली जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत जारी किए जा रहे नोटिसों की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत या सुझाव निर्वाचन विभाग को कभी भी दिए जा सकते हैं।

डॉ. सिंह ने जिले में नियुक्त बीएलए-1 एवं बीएलए-2 की स्थिति की जानकारी लेते हुए समस्त बीएलओ के पास फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता जागरूकता बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि “कोई पात्र मतदाता छूटे नहीं और कोई अपात्र मतदाता जुड़े नहीं” की थीम को प्रभावी रूप से लागू किया जाए।

उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों व कार्मिकों को सजग, सतर्क एवं सहयोगी भूमिका निभाने की अपील की तथा आमजन से भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता करने का आग्रह किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी एलएन मंत्री ने विधानसभावार जारी नोटिसों की सांख्यिकीय जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि जिले के सभी बीएलओ को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के माध्यम से पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 उपलब्ध करवा दिए गए हैं। साथ ही मतदान केंद्रों के सुव्यवस्थिकरण एवं पुनर्गठन के बाद नवीन मतदान केंद्रों पर बीएलए-2 की नियुक्ति के लिए जनप्रतिनिधियों से सहयोग का अनुरोध किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृत मतदाताओं की भागवार सूची पाली जिले की वेबसाइट एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान जयपुर की वेबसाइट पर उपलब्ध है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान बीएलए को सक्रिय रखते हुए महिला मतदाताओं का नामांकन बढ़ाने में सहयोग करें, जिससे जिले का लिंगानुपात संतुलित किया जा सके।

बैठक में पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की पारदर्शिता एवं मतदाता सूची के शुद्धीकरण के प्रयासों की सराहना की।

बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी, कांग्रेस प्रवक्ता रफीक चौहान, पाली विधायक प्रतिनिधि मदनसिंह जागरवाल, यशवंत पटेल, रामकिशोर साबू, भागीरथ चांदोरा, पूनमसिंह परमार, नारायण कुमावत, भंवरलाल सैणचा सहित उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. बजरंग सिंह, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी 118-पाली विमलेंद्र राणावत, तहसीलदार निर्वाचन रेखा देवी, अति. नोडल अधिकारी चुनाव शाखा सुरेन्द्र जैन तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button