google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Jodhpurदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

वंदे भारत एक्सप्रेस में बिना टिकट यात्रा पर सख्ती, 2100 यात्रियों से 40 लाख से अधिक की वसूली

जोधपुर : रेलवे प्रशासन ने वंदे भारत एक्सप्रेस को लेकर सख्त संदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि यह ट्रेन पूरी तरह आरक्षित, प्रीमियम सेमी हाई-स्पीड सेवा है, जिसमें बिना कन्फर्म टिकट, स्टैंडिंग, प्लेटफॉर्म टिकट या अनारक्षित यात्रा की कोई अनुमति नहीं है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ रेलवे द्वारा लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

जोधपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में टिकट जांच दल द्वारा नियमित रूप से जांच की जा रही है। बिना वैध टिकट यात्रा करते पाए जाने पर रेलवे अधिनियम 1989 के तहत यात्रा किराया सहित भारी जुर्माना वसूला जा रहा है, जो सामान्य ट्रेनों की तुलना में कहीं अधिक है।

डीआरएम ने यात्रियों से अपील की कि वे केवल कन्फर्म टिकट होने पर ही वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रा करें। उन्होंने बताया कि वंदे भारत ट्रेन में सभी दरवाजे स्वचालित होते हैं और प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को छोड़ने आए परिचितों या परिजनों का ट्रेन के भीतर प्रवेश पूरी तरह वर्जित है। यदि कोई व्यक्ति अनजाने में ट्रेन के अंदर रह जाता है, तो उसे भी बिना टिकट यात्री माना जाएगा और उस पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।

रेलवे द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार—

जोधपुर–साबरमती वंदे भारत एक्सप्रेस में बिना टिकट पकड़े जाने पर 855 रुपए तक का जुर्माना लगाया जा रहा है। जोधपुर–दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस में यह जुर्माना न्यूनतम 2385 रुपए तक है। अब तक दोनों वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में जांच के दौरान कुल 2100 यात्री बिना टिकट पकड़े गए, जिनसे 40.39 लाख रुपए की वसूली की गई है। इसमें 18.57 लाख रुपए केवल जुर्माने के रूप में शामिल हैं।

रेल प्रशासन ने दोहराया है कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और ट्रेन की प्रीमियम सेवा बनाए रखने के लिए यह सख्ती आवश्यक है और आगे भी जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button