पाली में सड़क सुरक्षा माह का आगाज, जनवरी भर चलेगा जागरूकता व सख्त कार्रवाई अभियान

पाली : जिला पुलिस अधीक्षक आदर्श सिंधु के निर्देशानुसार पाली जिला मुख्यालय से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। यह अभियान 1 जनवरी से 31 जनवरी तक जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।
अभियान की शुरुआत यातायात जिला प्रभारी निरमा बिश्नोई एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर की गई। रैली के माध्यम से शहरवासियों को सुरक्षित यातायात और नियमों के पालन का संदेश दिया गया।
रैली के दौरान दोपहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का प्रयोग करने की अपील की गई। साथ ही तेज गति, गलत दिशा में वाहन चलाने, मोबाइल पर बात करते हुए ड्राइविंग करने और यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाली दुर्घटनाओं के खतरों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।

यातायात प्रभारी निरमा बिश्नोई ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के तहत पूरे जनवरी माह में जिले भर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम, चेकिंग अभियान और प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि आमजन में सुरक्षित यात्रा की आदत विकसित करना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
पुलिस प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे स्वयं की एवं दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा अभियान में सहयोग करें।



