बांगड़ अस्पताल में ईमानदारी की मिसाल, सिक्योरिटी गार्ड ने लौटाई 8 हजार की गुम थैली

पाली : जिला मुख्यालय स्थित बांगड़ अस्पताल में मानवता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। अस्पताल के एक वार्ड में तैनात सिक्योरिटी गार्ड गोविंद सिंह ने मरीज के परिजन की गुम हुई रुपयों से भरी थैली सुरक्षित लौटाकर समाज में सकारात्मक संदेश दिया है।
जानकारी के अनुसार एक युवक अपनी बीमार मां के इलाज के लिए बांगड़ अस्पताल आया हुआ था। इलाज के दौरान युवक की करीब आठ हजार रुपये की थैली अस्पताल के वार्ड में कहीं गिर गई। काफी खोजबीन के बावजूद थैली नहीं मिलने पर युवक ने बांगड़ अस्पताल पुलिस चौकी में इसकी रिपोर्ट दर्ज करवाई।
इसी दौरान वार्ड में ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड गोविंद सिंह को कुर्सी के नीचे एक थैली पड़ी मिली। थैली में रुपये होने पर उन्होंने ईमानदारी का परिचय देते हुए बिना किसी देरी के उसे अस्पताल पुलिस चौकी प्रभारी को सौंप दिया। जांच-पड़ताल के बाद पुलिस द्वारा रिपोर्टकर्ता युवक को उसकी थैली सुरक्षित लौटा दी गई।
रुपये वापस मिलने पर युवक ने राहत की सांस ली और सिक्योरिटी गार्ड गोविंद सिंह की ईमानदारी, संवेदनशीलता और कर्तव्यपरायणता की खुले दिल से सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। इस घटना की अस्पताल परिसर में व्यापक चर्चा रही और लोगों ने इसे मानवता और ईमानदारी की प्रेरणादायक मिसाल बताया।



