google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में संविदा नर्सेज का अनोखा विरोध, खून से लिखे 501 पोस्टकार्ड भेजकर मांगी नियमित भर्ती

पाली : चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में संविदा पर कार्यरत राजकीय बांगड़ चिकित्सालय के नर्सिंग कर्मियों ने गुरुवार को अपनी मांगों को लेकर अनूठे और भावनात्मक विरोध प्रदर्शन के माध्यम से सरकार का ध्यान आकर्षित किया। नर्सिंग कर्मियों ने मुख्यमंत्री और चिकित्सा मंत्री के नाम अपने खून से पोस्टकार्ड लिखकर अपनी पीड़ा और मांगें प्रेषित कीं। इस प्रदर्शन में नर्सिंग कर्मियों के साथ उनके परिजन भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

राजस्थान नर्सेज भर्ती संघर्ष समिति पाली के जिलाध्यक्ष जितेन्द्र प्रजापत के नेतृत्व में नर्सिंग कर्मियों एवं समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम 501 पोस्टकार्ड भेजे। नर्सेज ने मांग की कि नर्सिंग ऑफिसर एवं एएनएम की आगामी भर्ती मेरिट के साथ 10, 20 और 30 बोनस अंकों के आधार पर शीघ्र जारी कर नियमित की जाए।

संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान में लागू ठेका प्रथा नर्सिंग कर्मियों के शोषण का माध्यम बन गई है। कम वेतन में वर्षों से सेवाएं दे रहे नर्सिंग कर्मियों को स्थायित्व नहीं मिलना गंभीर अन्याय है, जबकि स्वास्थ्य सेवाओं का पूरा भार इन्हीं के कंधों पर है।

नर्सिंग कर्मियों ने मांग रखी कि 2018 और 2023 की भर्तियों की तर्ज पर ही नई भर्तियां निकाली जाएं। इसके तहत नर्सिंग ऑफिसर के 12 हजार पद एवं एएनएम के 7 हजार पदों पर मेरिट प्लस बोनस अंकों के आधार पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए।

नर्सेज ने कहा कि वे लंबे समय से अल्प वेतन में सेवा दे रहे हैं और अब अपने भविष्य को सुरक्षित करने के लिए नियमितीकरण और स्थायित्व की मांग कर रहे हैं। उन्होंने राज्य सरकार से शीघ्र निर्णय लेकर नर्सिंग कर्मियों को न्याय देने की अपील की।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button