google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Jodhpurदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

लूनी में युवती अपहरण के आरोपी पर ग्रामीणों का कहर, हाथ-पैर तोड़े, नाक काटी, हालत गंभीर

जोधपुर : जिले के लूनी क्षेत्र में शुक्रवार को कानून को हाथ में लेने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवती को भगा ले जाने के आरोपी युवक पर ग्रामीणों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करते हुए उसके हाथ-पैर तोड़ दिए और धारदार हथियार से उसकी नाक काट दी। गंभीर रूप से घायल युवक को मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

सहायक पुलिस आयुक्त (बोरानाडा) आनंदसिंह राजपुरोहित ने बताया कि घायल युवक दिनेश बिश्नोई करीब आठ दिन पहले पड़ोसी गांव की एक युवती को भगा ले गया था। पुलिस व ग्रामीणों के दबाव के बाद गुरुवार को उसने युवती को छोड़ दिया। शुक्रवार दोपहर दिनेश एसयूवी वाहन से गांव पहुंचा, इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे ग्रामीणों ने उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने वाहन में भी तोड़-फोड़ की।

हमले में दिनेश के हाथ-पैर में फ्रैक्चर हो गया, जबकि अधिक रक्तस्राव के कारण उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

थानाधिकारी सुरेश चौधरी ने बताया कि 26 दिसंबर को युवती के परिजनों ने दिनेश के खिलाफ गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में सामने आया कि दिनेश पहले भी एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार हो चुका है और पैरोल पर छूटने के बाद फरार था। वह पोक्सो एक्ट का भी आरोपी है और जमानत पर रिहा होने के बाद अदालत में पेश नहीं हो रहा था।

पुलिस ने हमले के मामले में जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद लूनी क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button