google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

दिखावटी शादियों पर वरिष्ठजनों की चोट: सादगीपूर्ण विवाह अपनाने का लिया सामूहिक संकल्प

पाली : वरिष्ठ नागरिक समिति की बैठक मंगलवार को करण सिंह चाली स्थित सभागार में डॉ. रामलाल मोहबारशा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में समाज में विवाह समारोहों पर बढ़ते अनावश्यक खर्च को लेकर गंभीर चर्चा की गई और इसे कम करने के लिए सादगीपूर्ण विवाह पद्धति अपनाने पर सर्वसम्मति बनी।

समिति के महामंत्री नरपत सिंह कुंपावत ने बताया कि बैठक में वरिष्ठजनों ने विवाह में दिखावे, अनावश्यक लेन-देन, नशा-पत्ता एवं अन्य सामाजिक बुराइयों पर रोक लगाने की आवश्यकता पर जोर दिया। सभी सदस्यों ने कम खर्च में, सामाजिक मूल्यों के अनुरूप विवाह करने पर सहमति व्यक्त की।

संगठन मंत्री गणपत सिंह दहिया ने बताया कि उनके गुरु द्वारा अपनाए गए आदर्श को उदाहरण स्वरूप प्रस्तुत किया गया, जिसमें विवाह को उसके वास्तविक स्वरूप में रखते हुए कुछ हजार रुपये में सम्पन्न किया जा रहा है, जिससे सामाजिक कुरीतियां स्वतः समाप्त हो रही हैं।

समिति के जिला अध्यक्ष ने रणकपुर के समीप जरका जी में शिवरात्रि मेले का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां आदिवासी समाज द्वारा जीवनसाथी का चयन कर अत्यंत सादगी से विवाह सम्पन्न किया जाता है, जो समाज के लिए प्रेरणादायक है।
इस अवसर पर पूर्व फौजी अधिकारी लुण सिंह राठौड़ ने भी समाजवादी सोच पर आधारित विवाह प्रणाली का समर्थन करते हुए अपने विचार रखे।

बैठक में महामंत्री नरपत सिंह कुंपावत ने सर्वोच्च न्यायालय द्वारा अरावली बचाओ आंदोलन के समर्थन से संबंधित समाचार का वाचन किया, जिस पर समिति के सभी सदस्यों ने इस जनआंदोलन के साथ खड़े रहने का संकल्प व्यक्त किया। पूर्व शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार शर्मा ने उपस्थित सदस्यों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।

बैठक में राम जीवन तापड़िया, मदनलाल व्यास, पी.सी. शाह, विष्णु कुमार गोयल, अशोक कुमार शर्मा, कमल किशोर अग्रवाल, चिमनलाल वर्मा, सुरेश कुमार जालोरा, पीरूलाल बंजारा, सुनील कुमार टॉक, चैन सिंह खींची, प्रमोद कुमार माथुर, भगवान सहाय ओझा, घीसालाल अणकियां, ज्ञान सिंह बेस, गणेशाराम परमार, सत्यानारायण गुप्ता सहित अनेक वरिष्ठजन उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button