नशामुक्त युवा ही मजबूत राष्ट्र की नींव: नालसा डाउन स्कीम के तहत पाली में जागरूकता अभियान तेज

पाली : राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में 05 से 12 जनवरी 2026 तक नालसा डाउन स्कीम-2025 के अंतर्गत जिले में साप्ताहिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (अपर जिला न्यायाधीश) विक्रम सिंह भाटी द्वारा कंकु विजय कॉलेज ऑफ एजुकेशन, खैरवा रोड, पाली में युवाओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिव भाटी ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने नालसा द्वारा संचालित योजना “नशा पीड़ितों को विधिक सेवाएं एवं नशा उन्मूलन” के उद्देश्यों की विस्तार से जानकारी दी।

सचिव भाटी ने युवाओं को एनसीबी की ई-प्रतिज्ञा “जीवन को हां कहें, नशे को ना कहें” लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत नशीली दवाओं के दुरुपयोग को रोकने, नशा पीड़ितों को निःशुल्क कानूनी सहायता, पुनर्वास सुविधा एवं सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से सहायता प्रदान की जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं, निःशुल्क विधिक सहायता की पात्रता, पीड़ित प्रतिकर योजना, नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100, नालसा पोर्टल, कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न (निवारण) अधिनियम-2013, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार एवं परिवार में उनकी भूमिका, महिलाओं व वरिष्ठ नागरिकों के कानूनी अधिकार, बाल विवाह के दुष्परिणाम, राष्ट्रीय लोक अदालत एवं मध्यस्थता प्रक्रिया के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर निदेशक अभिषेक जैन, प्राचार्य डॉ. करण सैन, मांगीलाल तंवर, महाविद्यालय के अध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।




