google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली: मुस्लिम युवा फाउंडेशन का 5वां स्थापना दिवस 14 जनवरी को, स्वच्छता-शिक्षा-सेवा के होंगे विशेष आयोजन

पाली : सामाजिक सेवा, शिक्षा, स्वच्छता और आपसी भाईचारे के क्षेत्र में सक्रिय मुस्लिम युवा फाउंडेशन समिति का पांचवां स्थापना दिवस 14 जनवरी को पूरे उत्साह, गरिमा और सेवा भाव के साथ मनाया जाएगा। समिति ने इस अवसर को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए समाज सुधार एवं जनकल्याण से जुड़े रचनात्मक कार्यक्रमों के रूप में मनाने का निर्णय लिया है।

फाउंडेशन के कैशियर मो. यासीन सबावत ने बताया कि स्थापना दिवस के तहत स्वच्छ भारत मिशन को साकार करने के उद्देश्य से शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बाजार क्षेत्रों एवं आवासीय कॉलोनियों में डस्टबिन वितरण अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर स्वच्छ एवं सुंदर पाली के निर्माण में नागरिक सहभागिता सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि शिक्षा और बाल कल्याण को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को मिठाई वितरण किया जाएगा, जिससे बच्चों में खुशी के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों की भावना विकसित हो सके।

फाउंडेशन सदस्य खालिद कादरी ने जानकारी दी कि इस अवसर पर मुस्लिम समाज की ख़्वातीन के लिए एक दिवसीय दीनी तालीम कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें इस्लामी शिक्षाओं, नैतिक मूल्यों, पारिवारिक जिम्मेदारियों एवं सामाजिक जागरूकता पर प्रकाश डाला जाएगा। यह कार्यक्रम महिलाओं को धार्मिक ज्ञान के साथ समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने हेतु प्रेरित करेगा।

फाउंडेशन के अध्यक्ष मेहराज अली चूड़ीघर स्वयं स्थापना दिवस की समस्त तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुस्लिम युवा फाउंडेशन का उद्देश्य हमेशा समाज के हर वर्ग को साथ लेकर सेवा, सहयोग और सद्भावना के कार्य करना रहा है और यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

स्थापना दिवस समारोह में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, बुद्धिजीवी वर्ग एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। फाउंडेशन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस आयोजन में भाग लेकर स्वच्छता, शिक्षा, धार्मिक जागरूकता और सामाजिक एकता के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करें।

कार्यक्रम की तैयारियों में सत्तार भाटी, इस्माईल गौरी, अबुबकर चूड़ीघर, गोश मोहम्मद, हाफिज तहसीन रज़ा, गुड्डू रामपुर, मोहसिन सिंधी, सद्दाकत अंसारी, मकबूल चूड़ीघर, फिरोज सामरिया, अंसार अली, हुसैन अजमेरी, सद्दाम सिलावट सहित फाउंडेशन के सभी सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button