पाली में कड़ाके की सर्दी का असर: कक्षा 5वीं तक के विद्यार्थियों की छुट्टियां 12 जनवरी तक बढ़ीं
पाली : पाली जिले में लगातार बढ़ती तेज शीत लहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री के आदेशानुसार अब जिले के सभी सरकारी व निजी स्कूलों में कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए 12 जनवरी 2026 तक अवकाश रहेगा।
पूर्व में सर्द मौसम के चलते 6 से 8 जनवरी तक छुट्टियां घोषित की गई थीं, लेकिन मौसम की गंभीरता को देखते हुए अब 9 से 12 जनवरी 2026 तक अवकाश अवधि बढ़ा दी गई है। यह आदेश पूरे पाली जिले में समान रूप से लागू रहेगा।
जिला कलक्टर ने स्पष्ट किया है कि अवकाश अवधि के दौरान शिक्षक नियमित रूप से विद्यालयों में उपस्थित रहेंगे। इसके साथ ही पूर्व निर्धारित परीक्षाएं अपने तय कार्यक्रम के अनुसार यथावत संचालित की जाएंगी।
जिला प्रशासन ने जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) को निर्देश दिए हैं कि वे मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से सभी राजकीय एवं गैर-राजकीय विद्यालयों में आदेश की सख्ती से पालना सुनिश्चित कराएं।
आदेश में यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि कोई विद्यालय इस आदेश की अवहेलना करता है, तो उसके खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम–2005 के तहत नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।



