google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में बड़ा हादसा टला: इंद्रा कॉलोनी के आवासीय कॉम्पलेक्स में हीटर से लगी आग, दो कमरे व हॉल जलकर खाक

पाली : शहर के इंद्रा कॉलोनी रोड स्थित एक आवासीय कॉम्पलेक्स में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब फर्स्ट फ्लोर पर स्थित सत्यनेन्द्र कुम्भट के फ्लैट में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही फ्लैट से धुएं के घने गुबार और लपटें उठने लगीं, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

धुआं उठता देख आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति की गंभीरता को समझते हुए खिड़कियां तोड़कर राहत कार्य में जुट गए। फ्लैट में रहने वाले वृद्ध दंपत्ति की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लोगों ने आग को फैलने से रोकने और अंदर मौजूद सामान को बाहर निकालने का प्रयास किया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण रूम हीटर में हुआ शॉर्ट सर्किट बताया गया है। शॉर्ट सर्किट के बाद हीटर पलंग पर गिर गया, जिससे आग ने तेजी से पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया।

इस हादसे में फ्लैट के दो कमरे और हॉल पूरी तरह प्रभावित हुए। पलंग, सिलिंग, एसी, एलईडी टीवी, फर्नीचर सहित लाखों रुपए का घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई और समय रहते आग पर काबू पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया।

प्रशासन और दमकल विभाग ने सर्दी के मौसम में हीटर व अन्य विद्युत उपकरणों का अत्यंत सावधानी से उपयोग करने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button