मारवाड़ जंक्शन स्कूल को मिली नई गणित व्याख्याता, पूनम सिंघल ने संभाला पदभार

पाली : निदेशक माध्यमिक शिक्षा, बीकानेर के निर्देशानुसार हाल ही में राजस्थान शिक्षा सेवा में व्याख्याता (गणित) उच्च माध्यमिक एवं समकक्ष पदों पर हुए स्थानांतरण के पश्चात सोमवार को संबंधित कार्मिकों ने नवीन पदस्थापन स्थलों पर कार्यभार ग्रहण किया।
इसी क्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, मारवाड़ जंक्शन में व्याख्याता (गणित) के पद पर पूनम सिंघल ने औपचारिक रूप से कार्यभार संभाला। पदभार ग्रहण समारोह मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रामराज प्रजापत, एसीबीओ मिश्रीलाल बंजारा एवं संस्था प्रधान आर. घनश्याम सापेला की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

पूनम सिंघल इससे पूर्व राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, समदड़ी (बालोतरा) में व्याख्याता पद पर कार्यरत थीं। उनके मारवाड़ जंक्शन में पदस्थापन से विद्यालय में गणित विषय की शैक्षणिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ होने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस अवसर पर शिक्षा विभागीय मंत्रालयिक कर्मचारी संघ के मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, सुरेश पंवार, अजय सिंह तोमर, गोपेश शर्मा, जितेंद्र गोस्वामी, यादवेंद्र सिंह पंवार, राजेंद्र कुमार, अशोक कुमार, अभय सिंह, दलाराम सहित अनेक कार्मिक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने नवपदस्थापित व्याख्याता को शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को नई दिशा मिलने की आशा व्यक्त की।



