करणी नगर में 16 से 24 जनवरी तक श्री शिव महापुराण कथा, साध्वी मंजूश्रीता करेंगी दिव्य कथा वाचन

पाली : करणी नगर स्थित श्री सर्वेश्वर महादेव एवं श्री करणी माता मंदिर परिसर में आगामी 16 जनवरी 2026 (शुक्रवार) से 24 जनवरी 2026 (शनिवार) तक श्री शिव महापुराण कथा का भव्य एवं वृहद आयोजन किया जा रहा है। यह नौ दिवसीय आध्यात्मिक आयोजन समाज में धार्मिक चेतना, सद्संस्कारों एवं सकारात्मक ऊर्जा के संचार के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
कथा का दिव्य वाचन प्रसिद्ध कथावाचक साध्वी मंजूश्रीता द्वारा किया जाएगा। कथा प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें शिव महापुराण के प्रमुख प्रसंगों, भगवान शिव-पार्वती विवाह, श्री गणेश जन्म, नंदी की उत्पत्ति एवं शिव तत्त्व ज्ञान पर भावपूर्ण एवं विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला जाएगा।
आयोजन समिति के अनुसार श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठक व्यवस्था, पेयजल, पार्किंग सहित सभी मूलभूत सुविधाएँ मंदिर परिसर में उपलब्ध कराई जा रही हैं। समिति ने नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के समस्त श्रद्धालुओं से आह्वान किया है कि वे परिवार सहित इस पावन शिव कथा में सहभागी बनें और भगवान शिव की कृपा एवं आशीर्वाद प्राप्त करें।



