google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

खौड़ में प्रभारी मंत्री झाबरसिंह खर्रा की रात्रि चौपाल, ग्रामीणों की समस्याओं पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश

पाली : नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन विभाग तथा जिला प्रभारी मंत्री झाबरसिंह खर्रा की अध्यक्षता में सोमवार को ग्राम पंचायत खौड़ में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में विभागवार आमजन की समस्याएं सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के स्पष्ट निर्देश दिए गए।

प्रभारी मंत्री खर्रा ने कहा कि राज्य सरकार गांव-गांव तक पहुंचकर समस्याओं की पहचान कर समाधान के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने ग्रामीणों को विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार योजना की जानकारी देते हुए बताया कि अब ग्रामीणों को 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से भारत के पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में जोड़ा जा रहा है, जिससे लोकतंत्र, राष्ट्र की एकता और अखंडता मजबूत होगी। साथ ही राज्य सरकार के पिछले दो वर्षों की जनकल्याणकारी उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला।

रात्रि चौपाल के दौरान जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री ने सार्वजनिक निर्माण विभाग से ग्राम में चल रहे तीन सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। ग्रामीणों ने सड़कों के शीघ्र निर्माण की मांग रखी, जिस पर पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने मानसून से पूर्व कार्य पूर्ण करने का आश्वासन दिया। साथ ही सालरिया से नाडोल तक सड़क निर्माण की मांग भी उठाई गई।

जलदाय विभाग से जुड़ी समस्याओं पर ग्रामीणों ने गली-गली जलापूर्ति, गंदे पानी की निकासी, पाइपलाइन लीकेज और पानी की गुणवत्ता से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं। इस पर अधिकारियों को जलापूर्ति व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए।

बिजली विभाग के संबंध में ग्रामीणों ने किसी बड़ी समस्या से इनकार किया। अधिकारियों ने बताया कि खेती के लिए सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिजली आपूर्ति की जा रही है। चिकित्सा विभाग की समीक्षा में ग्रामीणों ने एम्बुलेंस और सीएससी भवन की कमी की जानकारी दी। चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि अस्पताल में 66 प्रकार की जांच सुविधाएं उपलब्ध हैं।

पंचायती राज विभाग की ओर से जानकारी दी गई कि विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन के तहत अब 100 के स्थान पर 125 दिनों का रोजगार तथा सात दिवस में भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है। इस अवसर पर जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी विकास सापा, रानी उपखंड अधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button