पाली में राष्ट्रीय युवा दिवस भव्य रूप से संपन्न, स्वामी विवेकानंद के विचारों से युवाओं में जोश और राष्ट्र निर्माण का संकल्प

पाली : स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat), पाली द्वारा जिलेभर में राष्ट्रीय युवा दिवस विविध प्रेरणादायी कार्यक्रमों के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र निर्माण, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं सामाजिक चेतना का संचार करना रहा।
जिला युवा अधिकारी राजेन्द्र जाखड़ ने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर एनसीसी, एनएसएस एवं मेरा युवा भारत से जुड़े युवाओं, अधिकारियों व कार्मिकों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर युवाओं ने सड़क सुरक्षा की शपथ भी ली।
कार्यक्रम में युवा प्रेरक एवं पूर्व सभापति महेन्द्र बोहरा, एनसीसी प्रभारी प्रो. रामेश्वर चौधरी, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. मानवी शेखावत, मेरा युवा भारत के भंवरसिंह राजपुरोहित, धनराज भाटी, नवराज, अंकित ठाकुर सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

इसी क्रम में गायत्री महाविद्यालय, बिजोवा-वरकाणा में आयोजित समारोह में ब्लॉक विकास अधिकारी नारायण सिंह राजपुरोहित ने स्वामी विवेकानंद के जीवन, विचारों एवं विश्व धर्म संसद में दिए गए ऐतिहासिक भाषण पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। इस दौरान भाषण व निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन कर विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
ग्राम पंचायत गुड़ा एदला स्थित राजकीय माणक उच्च माध्यमिक विद्यालय में राष्ट्रीय युवा दिवस समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन से हुआ। प्रधानाचार्य मोहनलाल भाटी ने दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। स्वामी विवेकानंद युवा मंडल के अध्यक्ष पारस थानवी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा—
“खुद को कमजोर समझना सबसे बड़ा पाप है।” उन्होंने विद्यार्थियों से स्वामी विवेकानंद के विचारों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
जिला युवा अधिकारी के निर्देशानुसार चित्रकला, निबंध लेखन, भाषण एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को साइबर अपराध कानून, सड़क सुरक्षा सप्ताह, मेरा युवा भारत पोर्टल एवं नशा रोकथाम अभियान की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन एवं जीएसवीएस के प्रतिनिधि धन्नाराम द्वारा बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं सरकारी योजनाओं को लेकर शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर उदाराम बोस, वोरीलाल मीणा, हरीश कुमार, जयराम यादव, ममता चौधरी, वत्सला शर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, स्वयंसेवक एवं युवा उपस्थित रहे।



