रानी स्टेशन को मिली बड़ी रेल सौगात, जोधपुर–बेंगलुरु साप्ताहिक एक्सप्रेस का प्रायोगिक ठहराव शुरू, मंत्रियों ने दिखाई हरी झंडी

पाली : यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने जोधपुर–बेंगलुरु–जोधपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस को रानी रेलवे स्टेशन पर प्रायोगिक आधार पर आगामी आदेशों तक ठहराव देने का निर्णय लिया है। इस फैसले के तहत मंगलवार से ट्रेन का रानी स्टेशन पर ठहराव विधिवत प्रारंभ हो गया।
पाली जिला प्रभारी एवं नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा तथा पशुपालन विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने रानी रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर जोधपुर के लिए रवाना किया। उत्तर पश्चिम रेलवे जोधपुर मंडल की ट्रेन संख्या 16534 बेंगलुरु–जोधपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस मंगलवार सुबह 10.54 बजे रानी स्टेशन पहुंची, जिसे 10.56 बजे रवाना किया गया।

इसी क्रम में ट्रेन संख्या 16533 जोधपुर–बेंगलुरु साप्ताहिक एक्सप्रेस का रानी स्टेशन पर ठहराव 14 जनवरी से सुबह 8.42 बजे आगमन एवं 8.44 बजे प्रस्थान के रूप में निर्धारित किया गया है। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस ठहराव के अतिरिक्त ट्रेन के अन्य स्टेशनों के समय में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। साथ ही रानी स्टेशन से आवागमन हेतु रिजर्वेशन सुविधा भी प्रारंभ कर दी गई है।
रेल मंत्री का जताया आभार
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने रानी स्टेशन पर 11वीं एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव को ऐतिहासिक बताते हुए रेल मंत्री अश्विनी कुमार वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पिछले 65 वर्षों में जो विकास नहीं हो पाया, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संभव हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि देश के 100 वर्ष पूर्ण होने तक भारत हर क्षेत्र में अग्रणी राष्ट्र बनेगा।

प्रवासियों को मिलेगी बड़ी राहत
कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने इस रेल सुविधा का श्रेय रेल मंत्री अश्विनी कुमार वैष्णव एवं पाली सांसद पी.पी. चौधरी को देते हुए कहा कि इस ठहराव से दक्षिण भारत में निवास करने वाले राजस्थान के प्रवासियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही यह क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति प्रदान करेगा।
इस अवसर पर रानी क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों द्वारा जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी, लोको पायलट एवं रेलवे अधिकारियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में सुनील भंडारी, हरीश गहलोत, उत्तम सिंह राजपुरोहित, नारायण सिंह राठौड़, रानी नगरपालिका उपाध्यक्ष डालचंद मेवाड़ा, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष घीसूलाल चौधरी, जयंतीलाल वैष्णव, जिला प्रकोष्ठ प्रभारी जयवर्धन रांकावत, सीनियर डीसीएम अजमेर कैप्टन मिहिर देव, एसडीएम शिवा जोशी, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।



