जवाई बांध स्टेशन को बड़ी रेल सौगात: वेरावल–गांधीनगर–दौलतपुर चौक एक्सप्रेस का ठहराव शुरू, क्षेत्र को मिलेगा सीधा आर्थिक लाभ

पाली : भारतीय रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वेरावल–गांधीनगर केपिटल–दौलतपुर चौक (सोमनाथ) एक्सप्रेस का जवाई बांध रेलवे स्टेशन पर ठहराव प्रदान किया गया है। यह ठहराव सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है, जिससे यात्रियों, व्यापारियों और पर्यटकों को सीधा लाभ मिलेगा।
बुधवार को पशुपालन केबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने जवाई बांध रेलवे स्टेशन से गाड़ी संख्या 19411/19412 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर रेलगाड़ी के पायलट एवं को-पायलट का स्वागत भी किया गया। कार्यक्रम में रेलवे अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि इस रेलसेवा के ठहराव से सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र सहित जवाई बांध क्षेत्र के यात्रियों, व्यापारियों एवं पर्यटकों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। यह ट्रेन व्यापार, रोजगार और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
मंत्री कुमावत ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और पाली सांसद पी.पी. चौधरी का क्षेत्रवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और रेल मंत्री के नेतृत्व में देशभर में रेलवे का अभूतपूर्व विकास हुआ है। नई ट्रेनों की शुरुआत, स्टेशनों का उन्नयन और यात्री सुविधाओं में निरंतर विस्तार इसका प्रमाण है।

कुमावत ने कहा कि बीते दस वर्षों में जवाई बांध रेलवे स्टेशन पर अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। इस दौरान आठ रेलगाड़ियों का ठहराव सुनिश्चित किया गया है। स्टेशन पर 1 करोड़ 11 लाख रुपए की लागत से दो लिफ्ट लगाई जा रही हैं, वहीं अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 6.29 करोड़ रुपए की लागत से विकास कार्य प्रगतिरत हैं। केंद्र सरकार द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए लगातार नए कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह रेल ठहराव भविष्य में स्थायी रूप लेगा और क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक एवं पर्यटन विकास को नई गति प्रदान करेगा।
इस अवसर पर डीआरयूसीसी सदस्य पूनाराम भायल, श्याम अग्रवाल, जैडआरयूसीसी सदस्य विनोद पारख, मंडल अध्यक्ष रविकांत गोयल, सीनियर डीआरएम अजमेर कैप्टन मिहिर देव, एसडीएम कालूराम कुम्हार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे। वहीं, जवाई बांध रिक्शा यूनियन ने ट्रेन ठहराव और स्टेशन विकास कार्यों के लिए मंत्री जोराराम कुमावत का आभार जताया।



