पाली में मुस्लिम युवा फाउंडेशन के पांचवें स्थापना दिवस पर “स्वच्छ पाली, स्वस्थ पाली” कार्यक्रम आयोजित

पाली। सामाजिक संस्था मुस्लिम युवा फाउंडेशन पाली के पांचवें स्थापना दिवस के अवसर पर शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से “स्वच्छ पाली, स्वस्थ पाली” कार्यक्रम का आयोजन मस्तान बाबा दरगाह के समीप किया गया।
कार्यक्रम में नगर निगम पाली आयुक्त नवीन भारद्वाज, स्वास्थ्य अधिकारी कलीम अशरफ, कांग्रेस नेता हाजी मेहबूब टी, भाजपा नेता जहीर मकरानी सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। सभी अतिथियों ने आमजन से स्वच्छता बनाए रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और प्लास्टिक का उपयोग कम करने का आह्वान किया।

मुस्लिम युवा फाउंडेशन के अध्यक्ष मेहराज अली चूड़ीगर ने कहा कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने युवाओं को सामाजिक कार्यों से जोड़कर उनमें सेवा भावना और सकारात्मक सोच विकसित करने का महत्व बताया।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और इस पहल की सराहना की। फाउंडेशन की ओर से सभी अतिथियों, सहभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में फाउंडेशन के सत्तार पठान, जाकिर गौरी, फकीर मोहम्मद, सलीम हबीबी, हाफिज तहसीन, रिजवान चढ़वा सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।



