राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी में राजस्थान अव्वल, पाली के रोवर-रेंजर्स ने रचा इतिहास

पाली : भारत स्काउट एवं गाइड राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली के तत्वावधान में 9 से 13 जनवरी 2026 तक दूधली, जिला बालोद (छत्तीसगढ़) में आयोजित प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी में राजस्थान प्रदेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चीफ नेशनल कमिश्नर फ्लैग एवं शील्ड प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया।
देश के 35 राज्यों से करीब 11 हजार रोवर-रेंजर्स की सहभागिता वाले इस प्रतिष्ठित आयोजन में राजस्थान ने 16 में से 14 गतिविधियों में ‘ए’ ग्रेड तथा 2 गतिविधियों में ‘बी’ ग्रेड प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की।

सीओ स्काउट गोविंद मीना ने बताया कि राजस्थान से कुल 981 रोवर-रेंजर्स ने जंबूरी में भाग लिया, जिनमें पाली जिले से सर्वाधिक 65 रोवर-रेंजर्स शामिल रहे। पाली जिले के चंद्राज पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सोजत रोड के रोवर-रेंजर्स ने बैंड प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर गौरवपूर्ण इतिहास रच दिया। यह दल वर्ष 2016 से अब तक आयोजित पाँच राष्ट्रीय जंबूरियों में लगातार प्रथम स्थान प्राप्त कर चुका है।
सीओ गाइड डिंपल दवे ने बताया कि पाली जिले के 6 यूनिट लीडर्स एवं 59 रोवर-रेंजर्स सहित कुल 65 सदस्यीय दल ने जंबूरी में भाग लेकर जिले एवं प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। जंबूरी में आदर्श ओपन रोवर क्रू, पाली द्वारा मारवाड़ी संस्कृति पर आधारित सजाया गया पारंपरिक टेंट भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

जंबूरी से लौटने पर पाली पहुंचने पर रोवर-रेंजर्स का स्काउट-गाइड जिला मुख्यालय के तत्वावधान में रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर भारत स्काउट गाइड जिला पाली के अध्यक्ष महेंद्र बोहरा सहित जिला एवं राज्य स्तर के पदाधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। अवार्ड वितरण समारोह में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं शिक्षा राज्य मंत्री गजेंद्र सिंह यादव द्वारा राजस्थान को यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया।




