वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं पर विधिक सेवा प्राधिकरण की पैनी नजर, वरिष्ठ नागरिकों से संवाद कर लिया व्यवस्थाओं का जायजा

पाली : राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (अपर जिला न्यायाधीश) के सचिव विक्रम सिंह भाटी द्वारा सेवा समिति द्वारा संचालित वृद्धाश्रम, पाली का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य वृद्धजनों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता एवं उनके अधिकारों के संरक्षण की समीक्षा करना रहा।
निरीक्षण के दौरान सचिव विक्रम सिंह भाटी ने वृद्धाश्रम में निवासरत वरिष्ठ नागरिकों से अलग-अलग संवाद कर भोजन, पेयजल, चिकित्सा सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान रसोईघर, आवासीय कक्ष, स्नानघर एवं शौचालयों की स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।

वृद्धाश्रम सेवा समिति के सदस्यों ने सचिव को वृद्धाश्रम भवन, उपलब्ध संसाधनों एवं सुविधाओं के संबंध में विस्तार से अवगत कराया। वृद्धाश्रम में वरिष्ठ नागरिकों के लिए पृथक आवासीय कक्ष, बेड की सुविधा एवं पुस्तकालय उपलब्ध है। इसके साथ ही फिजियोथैरेपी सुविधा, विशेषज्ञों द्वारा नियमित स्वास्थ्य जांच, आयुर्वेदिक उपचार एवं नियमित मेडिकल चेकअप की व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं। वृद्धजनों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार प्रदान किया जा रहा है।
इस अवसर पर सचिव भाटी ने नालसा द्वारा संचालित विशेष अभियान “न्याय आपके द्वार” की जानकारी देते हुए निःशुल्क विधिक सहायता, नालसा एवं रालसा की वरिष्ठ नागरिकों से संबंधित अधिकारों एवं कल्याणकारी योजनाओं से भी वृद्धजनों को अवगत कराया।

निरीक्षण के दौरान कांतिलाल सहित अन्य संबंधित व्यक्ति उपस्थित रहे। विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा इस प्रकार के निरीक्षणों से वृद्धजनों के हितों के संरक्षण एवं सुविधाओं के सतत् सुधार की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।



