google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

किशोर एवं शिशु गृहों का औचक निरीक्षण, विधिक सेवा प्राधिकरण ने परखी बाल संरक्षण व्यवस्थाएं

पाली : राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (अपर जिला न्यायाधीश) के सचिव विक्रम सिंह भाटी ने राजकीय सम्प्रेषण एवं किशोर गृह, पाली तथा राजकीय शिशु गृह, पाली का आकस्मिक निरीक्षण कर बाल संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सचिव भाटी ने दोनों गृहों में साफ-सफाई, स्वच्छ कपड़े, बिस्तर, भोजन एवं आहार व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं, पालनागृह एवं भवन की भौतिक स्थिति सहित उपलब्ध व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने गृहों में आवासित बालकों से संवाद कर उन्हें दी जा रही सुविधाओं, अध्ययन व्यवस्था तथा सम्प्रेषण गृह में विधि से संघर्षरत बालकों को परिजनों से मुलाकात, न्यायमित्र द्वारा प्रकरण की जानकारी जैसे पहलुओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

बालकों ने बताया कि उन्हें गृह में पर्याप्त एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाता है तथा नाश्ते में आवश्यकता अनुसार चाय एवं दूध भी दिया जाता है। साथ ही बालकों के मनोरंजन के लिए कैरम, साँप-सीढ़ी, लूडो जैसे इंडोर गेम्स की सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।

सचिव भाटी ने निर्देश दिए कि गृहों में आवासित बालकों के लिए मैत्रीपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखा जाए, भवन एवं पालनागृह में नियमित साफ-सफाई एवं स्वच्छता सुनिश्चित की जाए, ताकि बच्चों को स्वस्थ एवं सकारात्मक माहौल मिल सके।

निरीक्षण के दौरान समन्वयक कन्हैयालाल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा इस प्रकार के निरीक्षणों से बाल संरक्षण व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button