बाल विवाह मुक्त पाली की मुहिम तेज, मंदिर और चर्च में चला जन-जागरूकता अभियान

पाली : जिला बाल संरक्षण इकाई एवं बाल अधिकारिता विभाग, पाली द्वारा 100 दिवसीय ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के तहत जिले में 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक विभिन्न धार्मिक स्थलों पर निरंतर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में आमजन की सक्रिय सहभागिता से अभियान को व्यापक समर्थन मिल रहा है।
अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत शनिवार को बजरंग बाग स्थित बालाजी मंदिर तथा रविवार को सेंट पॉल स्कूल स्थित चर्च, हाउसिंग बोर्ड, पाली में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

बालाजी मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपस्थित 15 से 20 श्रद्धालुओं को बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई गई तथा बालक-बालिकाओं की शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला गया। वहीं चर्च में आयोजित कार्यक्रम में फादर डेविड जॉन की उपस्थिति में प्रार्थना उपरांत चाइल्ड हेल्पलाइन यूनिट, पाली के प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेटर योगेन्द्र सिंह राठौड़, सुपरवाइज़र प्रिंस सैन एवं दर्शन सामारिया द्वारा बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, बाल श्रम निषेध अधिनियम एवं पॉक्सो अधिनियम की जानकारी दी गई।
चर्च कार्यक्रम के दौरान उपस्थित 25 से 30 ईसाई अनुयायियों को बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर ईसाई समुदाय के प्रतिनिधियों ने समाज में विशेष रूप से महिलाओं एवं बच्चों को बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराने एवं रोकथाम में सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया। जिला प्रशासन एवं बाल अधिकारिता विभाग द्वारा धार्मिक एवं सामाजिक मंचों से अभियान को सशक्त बनाते हुए बाल विवाह मुक्त समाज की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।



