google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशधार्मिकब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में विराट आध्यात्मिक महोत्सव की भव्य शुरुआत की तैयारियाँ चरम पर, जगद्गुरु वसंत विजयानंद गिरी जी के सानिध्य में स्थल शुद्धिकरण यज्ञ सम्पन्न

पाली : राजस्थान के पाली में कृष्णगिरी पीठाधीश्वर पूज्यपाद जगद्गुरु श्री वसंत विजयानंद गिरी जी महाराज के पावन सानिध्य में 24 जनवरी से आयोजित होने जा रहे विराट आध्यात्मिक महोत्सव की तैयारियाँ अब अंतिम चरण में पहुँच गई हैं। मंगलवार दोपहर पश्चात अणुव्रत नगर स्थित विशाल प्रांगण में महोत्सव की मंगलमय शुरुआत के तहत स्थल शुद्धिकरण यज्ञ का भव्य आयोजन किया गया।

काशी से पधारे विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न इस यज्ञ में प्राकृतिक जड़ी-बूटियाँ, औषधियाँ, गाय का शुद्ध देसी घी, चंदन एवं विविध प्रकार के मेवों की हजारों आहुतियाँ दी गईं। मंत्रों की गूंज के बीच देवी-देवताओं का विधिवत आवाहन किया गया। यज्ञ का शुभारंभ स्वयं जगद्गुरु श्री वसंत विजयानंद गिरी जी महाराज द्वारा देवपूजन के साथ किया गया।

कृष्णगिरी तीर्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष शंकेश जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि 24 जनवरी तक प्रतिदिन दोपहर में गुरुदेव की पावन निश्रा में विशेष यज्ञ एवं पूजन संपन्न होंगे, जबकि संध्या समय गुरुदेव श्रद्धालुओं को धर्म एवं अध्यात्म का दिव्य ज्ञान प्रदान करेंगे।

उन्होंने बताया कि 24 जनवरी 2026 (शनिवार) से 1 फरवरी 2026 (रविवार) तक प्रतिदिन प्रातः साधना, दोपहर में सर्वकष्ट निवारणार्थ महालक्ष्मी यज्ञ तथा संध्या को भैरव पुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। सभी धार्मिक अनुष्ठानों में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा।

इसके साथ ही प्रतिदिन सायं 5 बजे से रात्रि 9 बजे तक आगंतुक श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारे की व्यवस्था की गई है। आयोजन को लेकर पाली सहित आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं आध्यात्मिक वातावरण व्याप्त है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button