जिला कारागृह पाली का विधिक सेवा प्राधिकरण ने किया आकस्मिक निरीक्षण, बंदियों की सुविधाओं व अधिकारों की हुई जांच

पाली : राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (अपर जिला न्यायाधीश) विक्रम सिंह भाटी ने बुधवार को जिला कारागृह, पाली का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कारागृह में कुल 102 बंदी निरूद्ध पाए गए।
निरीक्षण के समय सचिव विक्रम सिंह भाटी ने प्रत्येक बैरक का गहन निरीक्षण करते हुए बंदियों से भोजन की गुणवत्ता, चिकित्सीय सुविधाएं, पेयजल, स्वच्छता व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। साथ ही उन्होंने बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता योजना के अंतर्गत उनके अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी।

सचिव भाटी ने यह भी सुनिश्चित किया कि कोई भी बंदी आर्थिक या अन्य कारणों से अधिवक्ता के बिना कारागृह में निरूद्ध न रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र बंदियों को शीघ्र ही विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
निरीक्षण के दौरान कारापाल को निर्देशित किया गया कि पेशी के दिनों में बंदियों की न्यायालय में नियमित एवं समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, जिससे किसी भी प्रकार की न्यायिक प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न न हो।

इस अवसर पर कारापाल जोराराम, मेल नर्स रविन्द्र परिहार सहित कारागृह का अन्य स्टाफ भी उपस्थित रहा। निरीक्षण को लेकर बंदियों में संतोष का वातावरण देखा गया तथा प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए गए।



