google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में सनातन शक्ति का विराट संगम: 9 दिवसीय आध्यात्मिक महोत्सव को लेकर समाजों का महासंकल्प

पाली : अणुव्रत नगर स्थित विशाल प्रांगण में 24 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक आयोजित होने जा रहे 9 दिवसीय विराट आध्यात्मिक महा-महोत्सव को लेकर पाली का सम्पूर्ण सनातन समाज एकजुट हो गया है। गुरुवार सायंकाल सनातन समाज, व्यापारिक, धार्मिक एवं सेवा संगठनों के प्रतिनिधियों ने कृष्णगिरी पीठाधीश्वर पूज्यपाद जगद्गुरु श्री वसंत विजयानंद गिरी जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त कर महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।

आशीर्वचन में जगद्गुरु श्री वसंत विजयानंद गिरी जी महाराज ने कहा कि “सनातन की शक्ति को पहली बार मारवाड़वासी प्रत्यक्ष अनुभव करेंगे। सनातन सर्वशक्तिमान है और आज के समय में धर्म की रक्षा के लिए उसकी शक्ति का प्रकटीकरण आवश्यक है। धर्म केवल आस्था नहीं, बल्कि एक विज्ञान है।”
उन्होंने कहा कि नौ दिवसीय अनुष्ठान में श्रद्धालु प्रत्यक्ष अनुभव करेंगे कि साधना और सिद्धि से समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है। गुरुदेव ने सभी से आग्रह किया कि मत-पंथ से ऊपर उठकर सनातन की सेवा भाव से सहभागिता करें।

बैठक में भोजन, जल व्यवस्था, मंच संचालन, पार्किंग, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा एवं सेवा कार्यों को लेकर दायित्वों का निर्धारण किया गया। बैठक का संचालन समाजसेवी उगमराज सांड ने किया एवं आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की।

इस अवसर पर आनंद कवाड़ रोटी बैंक, तेरापंथी समाज, बीजेएस, पालीवाला बास मंडल, जिरावाला मित्र मंडल, कंसारा समाज महिला मंडल, बजरंग दल, विहिप, सिंधी समाज, देवासी समाज, वैष्णव समाज, गुर्जरगौड़ ब्राह्मण समाज, ब्राह्मण समाज, शिव सेना, सोनी समाज, लाखोटिया मंडल, भारतीय सिंधु समाज, माली समाज, जीनगर समाज, गणेश मंडल, घांची समाज, नामदेव छीपा समाज, निंबार्क वैष्णव समाज सहित विभिन्न समाजों एवं मंडलों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

मां पद्मावती शक्तिपीठ धाम कृष्णगिरी सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष शंकेश जैन ने बताया कि पूज्यपाद श्री वसंत विजयानंद गिरी जी महाराज के सानिध्य में आयोजित इस विराट आध्यात्मिक महोत्सव में प्रतिदिन

प्रातः 11 बजे साधना सत्र, जिसमें जीबू कॉइन एवं पायरेट लक्ष्मी कुबेर यंत्र सिद्ध कराए जाएंगे, दोपहर 3 बजे श्री महालक्ष्मी महायज्ञ, जिसमें काशी के विद्वान पंडितों द्वारा हजारों किलो चंदन, मेवे, दिव्य ओषधियाँ, जड़ी-बूटियाँ एवं शुद्ध देसी घी से आहुतियाँ दी जाएंगी, संध्या 7 बजे पूज्य गुरुदेव के श्रीमुख से भैरव महापुराण कथा होगी।

इसके साथ ही अलग-अलग दिनों में देश के सुप्रसिद्ध भजन गायक एवं कलाकारों की भव्य प्रस्तुतियाँ होंगी। सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन सांय 5 बजे से 9 बजे तक भोजन प्रसादी की व्यवस्था रहेगी। सभी आयोजनों में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। यह आध्यात्मिक महोत्सव न केवल पाली बल्कि सम्पूर्ण मारवाड़ क्षेत्र के लिए सनातन चेतना, साधना और समृद्धि का महाआयोजन सिद्ध होगा।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button