गुरुदेव के जन्मदिवस व बसंत पंचमी पर भक्ति में डूबा मानपुरा भाखरी, श्री ऊं विजय शांति सुरिश्वर जी गुरु मंदिर में भव्य धार्मिक आयोजन

पाली : मानपुरा भाखरी स्थित श्री ऊं विजय शांति सुरिश्वर जी गुरु मंदिर में गुरुदेव के जन्मदिवस एवं बसंत पंचमी के पावन अवसर पर श्रद्धा और उल्लास से परिपूर्ण भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन की मधुर स्वर लहरियों के साथ अष्टप्रकारी पूजा का संगीतमय सामूहिक पठन किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी जसवंत मल कुमट ने बताया कि अष्टप्रकारी पूजा का पठन लक्ष्मीकांत शर्मा ने अपनी टीम के साथ अत्यंत रोचक एवं भावपूर्ण ढंग से सम्पन्न करवाया।
भजनों की प्रस्तुति में “दुनिया से जो हारा, आया तेरे द्वार”, “दादा ने पकड़ा मेरा हाथ है, डरने की क्या बात है”, “सिंगार करूंगा तेरा मैं हरदम”, “पंचम रो है दिन, आज थाने आनो है” जैसे भक्तिरस से ओतप्रोत भजनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। धर्मेश जैन एवं ऋषभ जैन द्वारा प्रस्तुत आकर्षक भजनों ने कार्यक्रम को विशेष ऊंचाई प्रदान की।
इस अवसर पर पूरे वर्ष आयोजित होने वाली आठ प्रकार की विभिन्न पूजाओं की बोलियां भी लगाई गईं। कार्यक्रम में लगभग 500 श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित किया। आयोजन के समापन पर भोजन प्रसादी का भी आयोजन किया गया। भव्य आयोजन ने गुरुदेव के प्रति श्रद्धा, भक्ति और सामूहिक आस्था का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।



