सनातन संस्कृति का वैश्विक संदेश लेकर निकले स्वामी अवतार पुरी, ऑस्ट्रेलिया–न्यूज़ीलैंड में योग–सत्संग से गूंजेगा “योग इन डेली लाइफ”

पाली : विश्वगुरु महामंडलेश्वर परमहंस स्वामी महेश्वरानंद जी की आध्यात्मिक परंपरा के उत्तराधिकारी एवं सनातन संस्कृति की विश्व धरोहर माने जाने वाले ओम आश्रम से पूज्य स्वामी अवतार पुरी जी महाराज इन दिनों अंतरराष्ट्रीय प्रवास पर हैं।
इस वैश्विक यात्रा का मुख्य उद्देश्य सनातन धर्म, योग दर्शन तथा “योग इन डेली लाइफ” प्रणाली को विश्व स्तर पर प्रचारित कर मानव जीवन को संतुलित, स्वस्थ और आध्यात्मिक रूप से समृद्ध बनाना है।

स्वामी अवतार पुरी महाराज अपने प्रवास के दौरान ऑस्ट्रेलिया एवं न्यूज़ीलैंड के प्रमुख शहरों—सिडनी, वेलिंगटन, सनशाइन कोस्ट, ब्रिस्बेन, लॉन्सेस्टन और मेलबर्न—में सत्संग, योग एवं ध्यान कार्यक्रमों के माध्यम से हजारों श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।
कार्यक्रमों में स्वामी जी योग को केवल शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि सम्पूर्ण जीवन-पद्धति के रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं, जिससे मानसिक शांति, आत्मिक उन्नति और सामाजिक समरसता का मार्ग प्रशस्त होता है।

स्वामी अवतार पुरी जी का यह वैश्विक प्रवास भारतीय सनातन परंपरा और योग संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय मंच पर सशक्त पहचान दिला रहा है और विश्व भर में भारत की आध्यात्मिक विरासत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहा है।



