रानी के किरवा में गिरदावर सर्कल स्तरीय ग्राम उत्थान शिविर, किसानों-पशुपालकों को 12 विभागों की योजनाओं की मिली जानकारी

पाली : किसानों एवं पशुपालकों को कृषि एवं संबद्ध विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में ग्राम उत्थान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को कृषि उपज मंडी समिति, रानी के मंडी क्षेत्र किरवा में गिरदावर सर्कल स्तरीय ग्राम उत्थान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में कृषि विपणन बोर्ड के प्रशासक एवं कृषि विपणन विभाग के निदेशक राजेश कुमार चौहान ने किसानों व पशुपालकों को 12 विभागों की विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाए तथा प्राप्त आवेदनों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
शिविर के दौरान गिरदावर सर्कल क्षेत्र के बस स्टैंड पर किसानों एवं आमजन को धूप व वर्षा से बचाव हेतु कृषि विपणन विभाग की ओर से किसान विश्राम स्थल निर्माण का प्रस्ताव भी लिया गया, जिसे किसानों ने सराहा।
इस अवसर पर संयुक्त निदेशक, कृषि विपणन विभाग जोधपुर डॉ. पूरण सिंह जैतावत, दूरदर्शन प्रोड्यूसर बसंत परिहार, वीरेंद्र सिंह परिहार, अधिशासी अभियंता राजस्थान राज्य कृषि विपणन बोर्ड रणवीर सिंह नैन, सरपंच भागीरथ प्रजापत, सचिव कृषि उपज मंडी समिति रानी सहित बड़ी संख्या में किसान, पशुपालक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



