100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान: गीता सत्संग मंदिर में जागरूकता कार्यक्रम, पुजारी व भक्तों ने ली रोकथाम की शपथ

पाली : जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के द्वितीय चरण के तहत धार्मिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को गीता सत्संग मंदिर, गांधी मूर्ति, पाली में बाल विवाह रोकथाम को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जिला बाल संरक्षण इकाई एवं बाल अधिकारिता विभाग पाली की सहायक निदेशक डॉ. टीना अरोड़ा ने बताया कि अभियान के तहत धार्मिक स्थलों को माध्यम बनाकर समाज के हर वर्ग को बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ जागरूक किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन यूनिट पाली के प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेटर योगेन्द्र सिंह राठौड़, काउंसलर रेणुका जोशी, सुपरवाइजर मिनाक्षी व्यास एवं केस वर्कर विनय कुमार ने मंदिर के पुजारी, सेवकों एवं उपस्थित भक्तों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, बाल श्रम कानून एवं पॉक्सो अधिनियम की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर उपस्थित सभी पुजारियों, सेवकों एवं श्रद्धालुओं को बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई गई। साथ ही भक्तों से अपील की गई कि वे बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई को रोकने में प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन पर दें।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।



