राष्ट्रीय बालिका दिवस पर पाली में बेटियों का उत्सव, कस्तूरबा गांधी विद्यालय में सशक्तिकरण कार्यक्रम आयोजित

पाली : महिला अधिकारिता विभाग एवं जिला प्रशासन पाली के संयुक्त तत्वावधान में उपनिदेशक भागीरथ चौधरी के निर्देशानुसार ‘बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय परिसर में राष्ट्रीय बालिका दिवस की साप्ताहिक गतिविधियों के अंतर्गत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में बालिकाओं के जन्म के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना, लिंगानुपात में सुधार लाना, बालिकाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनके सर्वांगीण सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करना रहा।

इस अवसर पर छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। साथ ही ‘बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ’ विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता, मेहंदी एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान केक काटकर बेटी जन्मोत्सव भी मनाया गया।

कार्यक्रम में सुपरवाइजर पिंकी मीणा ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए लाडो प्रोत्साहन योजना, कालीबाई भील महिला संबल शिक्षा सेतु योजना एवं कालीबाई भील उड़ान योजना के लाभों के बारे में विस्तार से बताया। जिला हब एवं वूमन एंपावरमेंट स्पेशलिस्ट राजश्री ने बालिकाओं को स्वास्थ्य, पोषण, संरक्षण तथा राजकोप सिटिजन ऐप के उपयोग के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम का मंच संचालन विधिक सलाहकार मांगीलाल तोमर द्वारा किया गया। इस अवसर पर विधिक सलाहकार भाग्यश्री गहलोत, विद्यालय प्रधानाध्यापक सुनील शर्मा, संस्था प्रधान उषा मोबरसा सहित विद्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने बालिकाओं में आत्मविश्वास जागृत करने के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




