राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर पाली में युवाओं का लोकतांत्रिक उत्सव, “मेरा भारत–मेरा वोट” पदयात्रा निकाली

पाली : राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन के सानिध्य में मेरा युवा भारत (माय भारत), पाली द्वारा “मेरा भारत, मेरा वोट” थीम के अंतर्गत भव्य जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोकतंत्र में युवाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाना तथा फिट इंडिया अभियान के माध्यम से मतदान के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. बजरंग सिंह ने उपस्थित युवाओं को मतदाता शपथ दिलाई। इस दौरान प्रथम बार मतदान के योग्य 40 से अधिक युवाओं को कपड़े के थैले, टोपी एवं माय भारत बैज प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पहली बार मतदान करने जा रही संजना कंवर, अंजलि आदिवाल, ललिता पटेल, डिम्पल सोनी सहित अन्य युवाओं ने मतदान को लेकर उत्साह व्यक्त किया। इसके पश्चात एडीएम डॉ. बजरंग सिंह एवं फर्स्ट टाइम वोटर हीना द्वारा मतदाता जागरूकता पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
पदयात्रा राजकीय बांगड़ विद्यालय से प्रारंभ होकर सूरजपोल, अहिंसा सर्कल होते हुए जिला कलेक्ट्रेट पाली में संपन्न हुई। पदयात्रा के दौरान युवाओं ने “मेरा भारत, मेरा वोट” के जयघोष के साथ लोकतंत्र को सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

पदयात्रा में एनसीसी, एनएसएस, भारत स्काउट एवं गाइड, आईटीआई, एएनएम कॉलेज तथा माय भारत युवा मंडल के युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का मंच संचालन उप जिला शिक्षा अधिकारी बलवीर सिंह राणावत द्वारा किया गया।
इस अवसर पर एनएसएस जिला समन्वयक डॉ. महेन्द्र कुमार, एएनएम कॉलेज प्राचार्य के.सी. सैनी, पूर्व जिला खेल अधिकारी लहरीदास वैष्णव, आईटीआई से कांता नवल, नोरत्नमल, भंवर सिंह राजपुरोहित, मनीष सोमनानी सहित भारत स्काउट के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में धनराज भाटी, लक्ष्मी राजपुरोहित, संतोष प्रजापत, विध्या, ललिता पटेल एवं हेमकिरण का विशेष योगदान रहा। यह आयोजन युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों से जोड़ने की दिशा में एक प्रभावशाली पहल साबित हुआ।



