गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर देशभक्ति से सराबोर हुआ पाली, सांस्कृतिक संध्या में स्कूली बच्चों ने बांधा समां

पाली : गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार शाम जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग एवं नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में श्री रतनचंद लोढ़ा बाल उच्च माध्यमिक विद्यालय, पाली में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् गीत के सामूहिक गायन के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने राष्ट्रप्रेम, त्याग और बलिदान को समर्पित नृत्य, गीत एवं नाट्य प्रस्तुतियों से मंच को जीवंत कर दिया। सांस्कृतिक संध्या में हंस निर्वाण सरस्वती स्कूल, एम.एस. कवाड़ इंटरनेशनल स्कूल, राबाउमावि, पीएम श्री बांगड़ राउमावि, दिल्ली पब्लिक स्कूल जाडन, ए.डी. डागा पब्लिक स्कूल, श्री रतनचंद लोढ़ा स्कूल, बीएड कॉलेज, श्री सुल्तान महात्मा गांधी राउमावि पाली, रेनबो पब्लिक स्कूल, जी माउंट लिट्रा सी. सै. स्कूल, गार्डियन पब्लिक स्कूल, फादर्स चिल्ड्रन सी. सै. स्कूल, सेंट पॉल सी. सै. स्कूल, विवेक पब्लिक सी. सै. स्कूल, नेहरू विद्यापीठ सी. सै. स्कूल तथा श्री बांगड़ राजकीय महाविद्यालय पाली के विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं।

बच्चों ने जहां देशभक्ति की भावना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया, वहीं लोक संस्कृति की रंगारंग झलक भी देखने को मिली। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

इसी अवसर पर लोढ़ा स्कूल परिसर में वंदेमातरम् @150 प्रदर्शनी का शुभारंभ भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने वंदेमातरम् गीत के ऐतिहासिक महत्व और उसकी पृष्ठभूमि की जानकारी प्राप्त की। यह प्रदर्शनी दो दिवसीय रहेगी और 26 जनवरी को भी सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी।

कार्यक्रम में जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री, उपखण्ड अधिकारी विमलेंद्र राणावत, जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) राहुल राजपुरोहित तथा बांगड़ स्कूल के प्रधानाचार्य बसंत कुमार सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।




