google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पर भव्य मल्टीमीडिया प्रदर्शनी का समापन, सांसद पी.पी. चौधरी बोले—किसानों व श्रमिकों के सम्मान से ही बनेगा विकसित भारत

पाली : सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केन्द्रीय संचार ब्यूरो, सिरोही द्वारा राजकीय बांगड़ पी.जी. महाविद्यालय परिसर स्थित सेमिनार हॉल में आयोजित दो दिवसीय मल्टीमीडिया प्रदर्शनी “वंदे मातरम् 150 वर्ष : विकसित भारत, अन्नदाता का मान, श्रम शक्ति का सम्मान” का भव्य समापन गुरुवार को सांसद पी.पी. चौधरी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।

समापन समारोह में भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील भंडारी, उपाध्यक्ष देवलाल मेघवाल, नारायणलाल कुमावत, त्रिलोक चौधरी, राहुल मेवाड़ा, इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के एजीएम प्रशांत शिंदे, अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक कैलाश नारायण मीणा, उप जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वेदान्त गर्ग, अतिरिक्त विकास अधिकारी मनोज भाटी, बाल विकास परियोजना अधिकारी सुरभि चौहान, महाविद्यालय उपप्राचार्य डॉ. संगीता आर्य सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए सांसद पी.पी. चौधरी ने कहा कि वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होना राष्ट्र के लिए ऐतिहासिक गौरव का विषय है। यह गीत स्वतंत्रता संग्राम की आत्मा रहा है और आज भी राष्ट्र को एकता के सूत्र में बांधने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए संजीवनी साबित हुई है, जिससे किसान खाद-बीज जैसी आवश्यक वस्तुएं आसानी से प्राप्त कर पा रहे हैं। डीबीटी के माध्यम से राशि सीधे खातों में पहुंचना पारदर्शिता का उदाहरण है। उन्होंने नए श्रम कानूनों एवं प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की भी जानकारी दी।

कार्यक्रम में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के सहायक मुख्य प्रबंधक प्रशांत शिंदे ने डिजिटल बैंकिंग व वित्तीय सेवाओं पर प्रकाश डाला, जबकि अग्रणी जिला प्रबंधक कैलाश नारायण मीणा ने बैंकिंग व सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी। उप जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वेदान्त गर्ग ने कुष्ठ रोग निवारण दिवस के महत्व पर जानकारी देते हुए उपस्थितजनों को शपथ भी दिलाई।

अतिरिक्त विकास अधिकारी मनोज भाटी ने विकसित भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत अभियान एवं पंचायत राज विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी गणपत सिंह देवड़ा एवं वरिष्ठ योगाचार्य भीक सिंह भाटी ने योग, प्राणायाम और स्वस्थ दिनचर्या पर युवाओं को प्रेरित किया। कृषि अधिकारी जय नारायण ने मृदा स्वास्थ्य कार्ड, छात्रवृत्ति, सूक्ष्म सिंचाई एवं तारबंदी योजनाओं पर जानकारी दी।

भारतीय डाक विभाग के जनसंपर्क निरीक्षक वैभव त्रिवेदी ने सुकन्या समृद्धि योजना, पीएलआई, आरडी एवं इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक की सेवाओं से अवगत कराया। केन्द्रीय संचार ब्यूरो, सिरोही के प्रभारी अधिकारी फूलचंद गहलोत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रदर्शनी की रूपरेखा प्रस्तुत की, जबकि कार्यक्रम का संचालन केन्द्रीय संचार ब्यूरो, डूंगरपुर के प्रभारी अधिकारी नरेश कुमार बैरवा ने किया।

प्रदर्शनी के दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। लीला देवी पार्टी, पाली द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने योजनाओं के संदेश को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाया। प्रदर्शनी स्थल पर डाक विभाग, बैंक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा आयुर्वेद विभाग के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे।

दो दिवसीय प्रदर्शनी में विद्यालयों व महाविद्यालयों के विद्यार्थियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं सहित ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के आयोजन में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के जिला समन्वयक नंदलाल शर्मा का विशेष सहयोग रहा।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button