तीन दशक की निष्ठापूर्ण सेवा का सम्मान: जनसम्पर्क विभाग के नरपतसिंह को भावभीनी सेवानिवृत्ति विदाई

पाली : जिला सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय, पाली में सहायक प्रशासनिक अधिकारी पद पर कार्यरत नरपतसिंह को शुक्रवार को 60 वर्ष की अधिवार्षिकी आयु पूर्ण करने पर कार्यालय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा भावपूर्ण विदाई दी गई। इस अवसर पर उनके लगभग 30 वर्षों के उत्कृष्ट सेवाकाल को स्मरण करते हुए उनके योगदान की सराहना की गई।
सेवानिवृत्ति समारोह में जनसम्पर्क विभाग पाली के सहायक निदेशक सौरभ सिंगारिया ने कहा कि नरपतसिंह ने अपने कार्यकाल में निष्ठा, ईमानदारी एवं अनुशासन का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि कार्यालय समय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता एवं कार्य के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

कार्यक्रम में वरिष्ठ अध्यापक नरेन्द्रसिंह ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए नरपतसिंह के सरल स्वभाव एवं कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा की तथा कार्यक्रम का संचालन किया।
इस अवसर पर पाली मीडिया क्लब के अध्यक्ष शेखर राठौड़, ओम चतुर्वेदी, जितेन्द्र कच्छवाह, भारत भूषण जोशी, रविन्द्र सोनी, सिकन्दर खां, शरद भाटी, मनीष एवं जितेन्द्र पारसवानी सहित अनेक पत्रकार एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जनसम्पर्क कार्यालय के सूचना सहायक युगल किशोर, कनिष्ठ सहायक जगदीश मीणा, हेमन्त कुमावत, कपिल शर्मा, गजेन्द्रसिंह, जीवीदेवी सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। सभी ने नरपतसिंह के स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।



