दिव्यांगजनों की सेवा में आगे आए समाजसेवी, दिव्यांग सेवा समिति को भेंट की गईं व्हीलचेयर

पाली : चिमनपुरा रोड स्थित दिव्यांग सेवा समिति में रविवार को समाजसेवा की प्रेरक मिसाल देखने को मिली, जब समाजसेवियों द्वारा दिव्यांगजनों की सुविधा हेतु व्हीलचेयर भेंट की गईं।
समिति के संस्थापक झालाराम देवासी ने बताया कि संस्थान में बीमार दिव्यांगजनों को अस्पताल ले जाने एवं दैनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए भामाशाह मोहित श्यामलाल जांगीड़ (चाटेलाव) द्वारा व्हीलचेयर प्रदान की गई। इसके साथ ही डॉ. महेंद्र जोरवाल एवं महिला सुरक्षा सहयोगी समिति पाली के कुलदीप पंवार की प्रेरणा से संस्थान को कुल तीन व्हीलचेयर सेवा हेतु उपलब्ध कराई गईं।
इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि नर सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है। दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं की पूर्ति से उन्हें आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलती है और व्हीलचेयर जैसी सुविधाओं से वे अपने स्तर पर स्वतंत्र रूप से आवागमन कर सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में संस्थापक झालाराम देवासी ने सभी भामाशाहों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए इस सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस सेवा कार्यक्रम में नर्सिंग अधिकारी सुगनराम गौड, आर.डी. वैष्णव, जसाराम मेघवाल, महेंद्र उपाध्याय सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



